बिलासपुर। घरेलू विवाद और शराब की लत ने एक और महिला की जान ले ली। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान महमंद में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। उसका पति अक्सर शराब के नशे में उससे मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर महिला ने ससुराल छोड़ दिया था। वारदात वाले दिन आरोपी अपने ससुराल पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और साली मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी साली को पैसे देकर बाजार से सामान लाने भेजा और इसी दौरान उसने पत्नी पर हमला कर दिया। उसने पत्नी के गले में पहने गए काले मोटे धागे से उसका गला कसकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह घटना घरेलू हिंसा की गंभीरता और शराब की लत से उत्पन्न खतरों की एक और भयावह मिसाल बन गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
