पश्चिम बंगाल (West Bengal) के नादिया (Nadia) जिले से शिक्षक और छात्र के बीच की मर्यादा को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहां के हरिंगहाटा में मौलाना अबुल कलाम आज़ाद यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (MAKAUT) में महिला प्रोफेसर ने क्लासरूम में स्टूडेंट से शादी कर ली। साइकोलॉजी पढ़ाने वाली महिला प्रोफेसर का क्लासरूम में स्टूडेंट से शादी करने का वीडियो सामने आया है। इसमें महिला प्रोफेसर दुल्हन बनी नजर आ रही है। वहीं छात्र महिला प्रोफेसर को माला पहनाकर मांग में सिंदूर भरते हुए दिख रहा है। जबकि वीडियो के बैकग्राउंड से अन्य लोगों के खुशी मनाने और तालियां बजाने की आवाज आ रही है। क्लासरूम में महिला प्रोफेसर का अपने ही स्टूडेंट से शादी करने का वीडियो वायरल होते ही बवाल मच गया। वीडियो वायरल होने और हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही प्रोफेसर को जांच पूरी होने तक फोर्स लीव पर भेज दिया गया है। वहीं, प्रोफेसर ने अपने बचाव में विश्वविद्यालय के अधिकारियों से कहा कि यह कृत्य उनकी कक्षा के लिए एक साइको-ड्रामा प्रदर्शन का हिस्सा था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसके पीछे कोई कदाचार या अनैतिक इरादा नहीं था। उनके अनुसार, वीडियो आंतरिक दस्तावेज के लिए था, लेकिन मनोविज्ञान विभाग की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए इसे लीक किया गया।
