मुंगेली। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने में एसीबी ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। सोमवार 10 जून को मुंगेली जिले में कार्यरत पटवारी उत्तम कुर्रे को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, बोदरी नगर पंचायत निवासी टोप सिंह अनुरागी ने एसीबी बिलासपुर में लिखित शिकायत दी थी कि केसलीकला गांव में स्थित 1.43 एकड़ कृषि भूमि के रिकॉर्ड में सुधार और दस्तावेज (नक्शा, खसरा, बी-1) दिलाने के एवज में पटवारी ने 25 हजार रुपये की मांग की है।
शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने आज ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने सुरी घाट, मुंगेली स्थित अपने कार्यालय में पैसे लिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए पटवारी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। दाऊपारा निवासी उत्तम कुर्रे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ एसीबी की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में फैले भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
