छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस (1 नवंबर 2025) पर इस बार राजधानी रायपुर का आसमान गर्व और रोमांच से भर उठेगा। इस खास अवसर पर भारतीय वायुसेना की मशहूर एरोबेटिक टीम ‘सूर्य किरण’ राजधानी में एक रोमांचकारी एरो शो प्रस्तुत करेगी। यह आयोजन जनता में देशभक्ति की भावना को प्रबल करेगा और युवाओं को सैन्य बलों के प्रति आकर्षित करेगा।
इस विशेष कार्यक्रम की स्वीकृति भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी है। उन्होंने रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आग्रह पर सूर्य किरण टीम को प्रदर्शन की अनुमति दी है। यह शो वायुसेना द्वारा तय की गई सुरक्षा और तकनीकी मानकों के अनुरूप होगा।
एयर शो की तारीख और स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से राज्य के नागरिकों को वायुसेना के शौर्य और कौशल को देखने का अनमोल अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि यह शो न केवल राजधानी के नागरिकों के लिए ऐतिहासिक अनुभव होगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
