रायपुर, 17 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ में 19 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री 21 अगस्त को विदेश दौरे पर रवाना होने वाले हैं, ऐसे में दौरे से पहले होने वाली यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।
बैठक में होंगे कई अहम फैसले
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुष्टि की कि बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े सवालों पर टिप्पणी करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है।
किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बुनियादी ढांचा, रोजगार सृजन और निवेश जैसे प्रमुख विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा, राज्य की वित्तीय स्थिति और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल रह सकती है।
फैसलों पर टिकी निगाहें
बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी बैठक के बाद मीडिया को दी जाएगी। राजनीतिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले यह बैठक कई बड़े फैसलों का रास्ता खोल सकती है।
