छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अब खेल के क्षेत्र में वैश्विक मानकों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता शूटर अभिनव बिंद्रा ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात कर राज्य में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी और स्पोर्ट्स साइंस डेवलपमेंट जैसे कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अभिनव बिंद्रा का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खासकर आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं, जिनकी प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
अभिनव बिंद्रा ने बताया कि उनकी फाउंडेशन के जरिए देशभर में खिलाड़ियों को निःशुल्क आधुनिक सुविधाएं, चिकित्सा और प्रशिक्षण मुहैया कराया जा रहा है। अब यह पहल छत्तीसगढ़ में भी की जाएगी।
-
ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन प्रोग्राम के तहत स्कूली बच्चों में उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे मूल्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।
-
स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी प्रोग्राम के तहत खिलाड़ियों को निःशुल्क सर्जरी, इलाज और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी।
-
स्पोर्ट्स साइंस प्रोग्राम के जरिए खिलाड़ियों को विज्ञान आधारित आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर और जशपुर में 60 करोड़ की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है। बस्तर ओलंपिक में भी 1.65 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। साथ ही, ओलंपिक में पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ (स्वर्ण), 2 करोड़ (रजत) और 1 करोड़ (कांस्य) की पुरस्कार राशि की घोषणा भी की गई है।
इस अवसर पर खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा, युवा आयोग अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
