हरिद्वार, उत्तराखंड – मां मनसा देवी मंदिर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा भगदड़ के कारण हुआ, जो भीड़ में फैली बिजली के झटके की अफवाह के चलते मची।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार, भगदड़ मंदिर मार्ग से लगभग 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर फैली अफवाह के कारण हुई। उन्होंने बताया, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बिजली के झटके की अफवाह ने भगदड़ को जन्म दिया। मामले की जांच जारी है।”
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 35 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 6 की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी का इलाज जारी है।
घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और कहा कि एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
सीएम धामी ने ट्वीट कर कहा,
“हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ की अत्यंत दुःखद घटना सामने आई है। राहत एवं बचाव कार्य हेतु SDRF, स्थानीय पुलिस और अन्य टीमें मौके पर मौजूद हैं। मैं लगातार प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हूं। माता रानी सभी भक्तों की कुशलता बनाए रखें।”

