रायपुर। कुशालपुर और भाठागांव के बीच स्थित कॉलोनियों में लगातार जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज लोगों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सड़क पर घंटों ट्रैफिक बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कॉलोनी की सड़कों और घरों के सामने बारिश का पानी जमा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम समाप्त करवाया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी और स्थायी समाधान पर भी काम शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित योजना और कॉलोनी के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
