रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन इलाके में स्थित एक मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया है। चोरी की यह वारदात पीडब्ल्यूडी चौक के पास स्थित “शोभा टेलीकॉम” दुकान में हुई, जहां से चोरों ने कुल 87 मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य सामान पार कर दिया था।
दुकान संचालक विशाल विरनानी ने 23 जुलाई की सुबह रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर से मोबाइल फोन व नगदी रकम चोरी हो गई। सिविल लाइन थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान की। इस दौरान नवीन पिंजानी नामक युवक की संलिप्तता सामने आई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। नवीन ने पूछताछ में तीन अन्य साथियों—शेख इमरोज और दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
जानकारी मिलने पर टीम ने तत्काल नागपुर पुलिस से संपर्क साधा और तीनों आरोपियों को ट्रेन में फरार होते हुए नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। आरोपियों के पास से चोरी के 87 मोबाइल, ₹20,000 नकद और दो एक्टिवा स्कूटर बरामद किए गए। जब्त कुल माल की कीमत लगभग ₹21.20 लाख आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी शेख इमरोज पूर्व में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
