कनाडा, 18 जून 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के कनानास्किस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मैक्सिको की राष्ट्रपति डॉ. क्लाउडिया शीनबाम पार्डो से मुलाकात की। यह दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक थी। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति शीनबाम को उनके ऐतिहासिक चुनावी जीत पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने मैक्सिको द्वारा भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दिए गए समर्थन के लिए आभार जताया। दोनों नेताओं ने भारत और मैक्सिको के ऐतिहासिक संबंधों को याद करते हुए व्यापार, निवेश, स्टार्टअप, नवाचार, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। विशेष रूप से ऑटोमोबाइल और फार्मा सेक्टर में साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत गुणवत्तापूर्ण और किफायती दवाओं की आपूर्ति व उत्पादन में मैक्सिको के लिए एक मजबूत भागीदार बन सकता है। साथ ही कृषि और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में भी सहयोग के अवसर मौजूद हैं।
मैक्सिकन राष्ट्रपति ने भारत की डिजिटल टेक्नोलॉजी, नवाचार और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा की और इन क्षेत्रों में सहयोग की इच्छा जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स में साझेदारी का सुझाव दिया।
दोनों नेताओं ने थिंक-टैंक कम्युनिटी, संस्कृतिक आदान-प्रदान, और पर्यटन के बढ़ावे पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने 2016 में मैक्सिको यात्रा को याद किया और राष्ट्रपति शीनबाम को भारत आने का निमंत्रण भी दिया। साथ ही, दोनों देशों ने वैश्विक दक्षिण के मुद्दों और आंचलिक चुनौतियों पर भी विचार साझा किए।
