काठमांडू। नेपाल इस समय भीषण राजनीतिक संकट और हिंसक प्रदर्शनों की चपेट में है। कथित भ्रष्टाचार को लेकर राजधानी काठमांडू सहित कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए। इस बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और राष्ट्रपति ने इस्तीफा दे दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, मंत्रियों और नेताओं के आवासों पर हमला कर आगजनी की। पीएम ओली, गृहमंत्री और राष्ट्रपति के निजी आवासों में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। भक्तपुर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री ओली के घर में आगजनी होने पर भीड़ ने नाच-गाकर जश्न मनाया।
नेताओं पर हमला, मंत्री घायल
हिंसक भीड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को घर में घुसकर पीटा। वहीं, वित्त मंत्री विष्णु पोडौल को काठमांडू में उनके घर के पास दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वीडियो में एक प्रदर्शनकारी उनके सीने पर लात मारते हुए दिख रहा है।
हालात बेकाबू, 22 की मौत, 400 से ज्यादा घायल
अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 400 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हिंसा के बीच पूर्व प्रधानमंत्री ओली को सेना के हेलिकॉप्टर से अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
हवाई सेवाएँ भी प्रभावित
काठमांडू की स्थिति बिगड़ने के कारण दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 6E1153 और मुंबई से 6E1157 को त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। दोनों फ्लाइट्स को लखनऊ मोड़ा गया और ईंधन भरने के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
