नई दिल्ली।
सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी एक बड़ी प्रशासनिक घोषणा सामने आई है। अब सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्री और कार्यालय दूसरे और चौथे शनिवार को भी खुले रहेंगे। यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट (संशोधन) नियम, 2025 के तहत किया गया है, जिसे कानून और न्याय मंत्रालय ने गजट में प्रकाशित किया है। यह नया नियम 14 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा।
संशोधित नियमों के अनुसार, अब सुप्रीम कोर्ट कार्यालय हर कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुले रहेंगे। हालांकि, 4:30 बजे के बाद केवल अत्यावश्यक फाइलिंग ही स्वीकार की जाएगी।
अब सभी शनिवार को खुले रहेंगे कोर्ट ऑफिस
नए नियमों के तहत अब सभी शनिवार, जिनमें पहले दूसरा और चौथा शनिवार शामिल था, को भी कामकाजी दिन माना जाएगा। शनिवार को कोर्ट ऑफिस का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा और जरूरी मामलों की फाइलिंग दोपहर 12:00 बजे तक की जा सकेगी।
त्योहारों जैसे क्रिसमस या न्यू ईयर के मौके पर कामकाज का समय मुख्य न्यायाधीश की घोषणा के अनुसार तय किया जाएगा।
जस्टिस बीआर गवई बने नए CJI
इसी बीच, जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई ने हाल ही में भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) के रूप में शपथ ली है। उन्होंने 14 मई को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष शपथ ली। जस्टिस गवई, जिन्होंने सुप्रीम कोर्ट में 2019 में जज के रूप में पदभार संभाला था, अब 23 नवंबर 2025 तक CJI के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
