नई दिल्ली। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे में अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा कि डॉक्टरों की सलाह के बाद यह निर्णय लिया। उनका इस्तीफा संविधान के अनुच्छेद 67(क) के तहत राष्ट्रपति को सौंपा गया है।
धनखड़ ने कहा — “मैं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए और डॉक्टरों की सलाह का पालन करते हुए तत्काल प्रभाव से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद और सांसदों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता हूं। भारत की प्रगति का साक्षी बनना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात रही।”

धनखड़ ने अपने वक्तव्य में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री से उन्हें कार्यकाल के दौरान बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। सांसदों से मिले स्नेह, विश्वास और अपनापन को भी उन्होंने अमूल्य बताया और कहा कि यह अनुभव हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा।
उन्होंने अपने कार्यकाल को “महान लोकतंत्र में अमूल्य अनुभव और ज्ञान” बताते हुए सभी का धन्यवाद किया।
